अपराध पर पुलिस का शिकंजा, हथियार तस्करी मामले में बड़ी सफलता
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रिपोर्टर – योगेश यादव
पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
उल्हासनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार; यूपी कनेक्शन की जांच तेज
महाराष्ट्र के उल्हासनगर में अपराध शाखा यूनिट-4 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में उत्तर प्रदेश से हथियार लाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित सुनील मोरे उर्फ पानपाटील (21) के रूप में हुई है। अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि मध्यवर्ती पुलिस थाना क्षेत्र के सी ब्लॉक रोड स्थित सेंचुरी ग्राउंड के पास एक संदिग्ध युवक घूम रहा है।
सूचना मिलते ही अपराध शाखा यूनिट-4 की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय हथियार कानून की धारा 3 और 25 के साथ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1) और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह हथियार उत्तर प्रदेश के किसी व्यक्ति से खरीदा था। हथियार कहां से आया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं।
उल्हासनगर में अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।











