रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज शहर में रेलवे फाटक पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। जेएम लिमिटेड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शुक्रवार देर रात इसका शुभारंभ किया।इसके साथ ही जोगियाबीर मंदिर और हाइडिल कॉलोनी मोड़ के पास का मार्ग चार पहिया और भारी वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। आरओबी निर्माण के कारण शहर की यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव आया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से निर्माण अवधि के दौरान इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। ट्रक, बस, डंपर सहित अन्य बड़े वाहनों को अब वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।बता दे कि रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक लंबे समय से जाम और दुर्घटनाओं का मुख्य कारण रहा है। फाटक बंद होने पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और मरीजों को भारी परेशानी होती थी।
आरओबी निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि भविष्य में इस पुरानी समस्या से स्थायी समाधान मिल सकेगा। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही शहरवासियों की तात्कालिक मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।
मार्ग बंद होने के कारण स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। प्रशासन और निर्माण एजेंसी के सामने यातायात को सुचारु बनाए रखने की यह एक बड़ी चुनौती होगी।
शहर के लोगों का मानना है कि यदि यह निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा होता है, तो यह रॉबर्ट्सगंज के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। फिलहाल, सभी की निगाहें इस बहुप्रतीक्षित आरओबी के निर्माण की गति और पारदर्शिता पर टिकी हैं।











