November 2, 2026 9:46 pm

नीट परीक्षा; 20 व 21 को पूर्णतः बंद रहेंगे कोचिंग सेंटर परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट व संचार संबंधी दुकानें भी बंद रखने के निर्देश

PNP News रेवाड़ी 19 जून चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रेवाड़ी पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह ने जिले के सभी कोचिंग सेंटर संचालकों और कंप्यूटर लैब संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

 

20 और 21 जून को बंद रहेंगे सभी कोचिंग सेंटर

डीएसपी ने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि नीट परीक्षा के मद्देनजर 20 जून और 21 जून को जिले के सभी कोचिंग सेंटर पूर्णतः बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कंप्यूटर लैब संचालकों को भी अपने सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई डीएसपी डॉ. रविंद्र सिंह ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई भी संचालक पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों की अवहेलना करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियम अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संचालकों से अपील की कि वे देश के भविष्य से जुड़ी इस परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करें। बैठक के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रबंधक थाना शहर निरीक्षक सुबे सिंह, प्रबंधक थाना मॉडल टाउन निरीक्षक रतनलाल, प्रबंधक थाना सदर निरीक्षक राजेंद्र सिंह, प्रबंधक थाना जाटूसाना निरीक्षक शिवदर्शन, प्रबंधक थाना कोसली निरीक्षक मनोज कुमार व प्रबंधक थाना रामपुरा पीएसआई संजय कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी थाना प्रबंधकों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले परीक्षा केंद्रों, कोचिंग सेंटरों, कंप्यूटर लैब्स, होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं पर कड़ी निगरानी रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के आदेश दिए गए हैं। जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र, सभी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

डीएसपी ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के लिए जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लगाई गई है जिसकी पालन सख्ती से करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों के आसपास नाकेबंदी भी की गई है, जहाँ तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।परीक्षा केंद्रों में केवल ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को ही प्रवेश की अनुमति होगी। उनके अलावा किसी भी अन्य बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। वहीं परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या आग्नेय अस्त्र (हथियार) लेकर आने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास की सभी फोटो स्टेट, फैक्स, जेरॉक्स और अन्य संचार से जुड़ी दुकानें पूरी तरह से बंद रखी जाएंगी ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को रोका जा सके। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि परीक्षा की पवित्रता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया गया या परीक्षा में किसी भी प्रकार का व्यवधान डालने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। रेवाड़ी पुलिस ने आम जनता और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें