रिपोर्टर: योगेश यादव | PNP न्यूज़ महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
महाराष्ट्र के पालघर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टीवी अभिनेत्री संचिता उगले का निधन हो गया है। पुलिस के अनुसार सोमवार को संचिता का शव उनके घर में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। महज 22 साल की उम्र में उनके इस तरह चले जाने से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
संचिता उगले ने बहुत कम समय में अपनी मेहनत और अभिनय के दम पर दर्शकों के बीच पहचान बनाई थी। उन्होंने छोटे पर्दे के कई चर्चित धारावाहिकों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई।
‘कुमकुम भाग्य’ से मिली पहचान
संचिता ने लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ में दिया का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके अलावा वह ‘वागले की दुनिया’ में रुचिता जैतली के रोल में नजर आई थीं। हाल ही में वह शो ‘दिलवाली दुल्हा ले जाएगी’ में मुख्य भूमिका में दिखाई दी थीं, जिसमें उन्होंने सुकून नाम का किरदार निभाया था।
टीवी के साथ फिल्मों में भी किया काम
संचिता उगले ने सिर्फ टीवी तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि फिल्मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। उन्होंने विक्की कौशल स्टारर फिल्म ‘छावा’ और मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘साइलेंस 2’ में भी काम किया था। इसके अलावा उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में भी अभिनय किया, जिनमें व्हिस्पर, पारले-जी और कैडबरी जैसे नाम शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर भी थीं लोकप्रिय
संचिता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1.41 लाख फॉलोअर्स थे। रविवार को उन्होंने अपना आखिरी वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह गुलाबी ड्रेस में ‘डफली वाले डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक करती नजर आई थीं। वीडियो में वह काफी खुश और ऊर्जावान दिखाई दे रही थीं।
उनकी अचानक मौत की खबर से फैंस और चाहने वाले सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











