Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 29 जुलाई जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से 30 जुलाई व 31 जुलाई को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) परीक्षा का आयोजन की तैयारियों के मद्देनजर डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि परीक्षा के लिए जिला में 41 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
डीसी अभिषेक मीणा जिला सचिवालय सभागार में एचटेट परीक्षा की तैयारियों को लेकर सेंटर सुपरिटेंडेंट की बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को नकल रहित व सुव्यवस्थित संचालन करवाना सेंटर सुपरटेेंडेंट की जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह जिला में सीईटी की परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाया गया है, उसी प्रकार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा 30 जुलाई और 31 जुलाई को एचटेट परीक्षा को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष परीक्षा करवाई जाए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं, वे हरियाणा बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप सभी व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता से निभाते हुए परीक्षा को सुचारू रूप से सम्पन्न करवाएं।
24 हजार 618 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
रेवाड़ी जिला में स्थापित किए गए 41 परीक्षा केन्द्रों पर दोनों दिनों में तीन सत्रों के दौरान कुल 24 हजार 618 अभ्यार्थियोंं के लिए एचटेट परीक्षा देंगे। पहले दिन 30 जुलाई को पीजीटी की सांय के सत्र में परीक्षा होगी और इसके लिए कुल 7 हजार 444 अभ्यार्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार 31 जुलाई को सुबह के सत्र टीजीटी की परीक्षा में 12 हजार 296 और शाम के सत्र में पीआरटी की परीक्षा में 4 हजार 878 अभ्यार्थी परीक्षा देंगे।
उन्होंने बताया कि लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा 30 जुलाई को सांय 3:00 बजे से 5:30 बजे तक संचालित होगी। लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा 31 जुलाई को प्रात: 10:00 बजे से 12:30 बजे तक संचालित होगी। इसी दिन यानि 31 जुलाई को सांय 3:00 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा संचालित होगी।
उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से आह्वान किया है कि परीक्षार्थी समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें ताकि मेटल डिटेक्टर से तलाशी, बायोमेट्रिक डेटा कैप्चरिंग और अन्य औपचारिकताएं समय से पहले पूरी हो सके। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। ओएमआर शीट पर उत्तर देने के लिए केवल काले बॉल पॉइंट पेन का प्रयोग करें। परीक्षार्थी रंगीन प्रवेश पत्र, काला बॉल पॉइंट पेन, पंजीकरण के समय अपलोड की गई रंगीन फोटो को प्रवेश पत्र में राजपत्रित अधिकारी द्वारा सत्यापित करवाना अनिवार्य है। रंगीन प्रवेश पत्र के बिना अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उम्मीदवारों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार का आभूषण जैसे अंगूठी, झुमके, चेन/हार, पेंडेंट, बैज और ब्रोच आदि, कोई भी धातु की वस्तु, कैमरा, घड़ी, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, पेजर, ब्लूटूथ, कार फोन, पर्स, लॉग टेबल, हेल्थ बैंड, बिल्ट-इन कैलकुलेटर सहित या बिना इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, ज्यामिति/प्लास्टिक पाउच और खाली या मुद्रित कागज़, लिखित चिट आदि वस्तुएं परीक्षा केन्द्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। महिला उम्मीदवार मंगलसूत्र, बिंदी और सिंदूर पहन सकती हैं, सिख उम्मीदवारों को धार्मिक प्रतीक पहनने की अनुमति होगी।
बैठक में एसपी हेमेंद्र मीणा, डीएसपी रवींद्र कुमार, हरियाणा शिक्षा बोर्ड से अधीक्षक जोगेंद्र सिंह, सहायक मनीष कुमार सहित सभी सेंटर सुपरिटेंडेंट मौजूद रहे।











