प्रवीण कुमार (ब्यूरो सीतामढ़ी )
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सीतामढ़ी पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई है। इसी कड़ी में नगर थाना पुलिस की ओर से पूरे शहर में एक भव्य बाइक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का अहसास कराना तथा शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों में कानून का खौफ पैदा करना है।
नगर थाना से शुरू होकर यह फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों जैसे—मेहसौल चौक, कारगिल चौक, मुख्य बाजार, स्टेशन रोड सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। दर्जनों मोटरसाइकिलों पर सवार पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक साथ सायरन बजाते हुए पूरे नगर का परिभ्रमण किया।
पुलिस प्रशासन ने संदेश देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति और भक्ति का महान पर्व है। इसे सभी नगरवासी शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। पूजा के दौरान हुड़दंग मचाने, शांति भंग करने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी से भी निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें और पर्व को हर्षोल्लास एवं शांति के साथ मनाने में प्रशासन का सहयोग करें।











