Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गुरुग्राम, 8 अक्टूबर चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
भारतीय वायुसेना के 93वें स्थापना दिवस पर आज गुरुग्राम में देशभक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। 93 वायु योद्धाओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु गुरुग्राम मिनी सचिवालय से रेजांगला स्मारक तक साइकिल रैली आयोजित की। रैली के रेजांगला स्मारक पर पहुंचने पर शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और वीर शहीदों के प्रति गहरी श्रद्धा प्रकट की गई।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह “भारत माता की जय, शहीद अमर रहें” और “भारतीय वायुसेना जिंदाबाद” जैसे नारों से गूंज उठा। यह रैली हर वर्ष वायुसेना दिवस पर शहीदों को नमन करने के लिए आयोजित की जाती है और अब यह एक गौरवशाली परंपरा बन चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान विंग कमांडर आर.एस. पांडे ने एक देशभक्ति कविता का पाठ कर वातावरण को भावनाओं से ओतप्रोत कर दिया। वहीं विंग कमांडर दास ने स्वयं द्वारा रचित कविता प्रस्तुत करते हुए भारतीय वायुसेना की भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान का विस्तार से वर्णन किया।
पूरे आयोजन का समन्वय एयर वेटरन शीशराम यादव द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी वायुसेना के पूर्व सैनिकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। राजेश पटेल अध्यक्ष, राजेन्द्र प्रसाद फाउंडेशन ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भारतीय वायुसेना के गौरवशाली इतिहास और देश सेवा में उसकी भूमिका को सराहा।
स्वागत भाषण देते हुए मेजर डॉ. टी.सी. राव (वेटरन) ने भारतीय वायुसेना के स्वर्णिम इतिहास पर प्रकाश डाला और स्वतंत्रता के पश्चात राष्ट्र के विकास में उसके योगदान को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना केवल आकाश की रक्षा ही नहीं करती, बल्कि आपदा राहत, मानवीय सहायता, वैज्ञानिक अनुसंधान, अंतरिक्ष सहयोग और राष्ट्रीय सुरक्षा के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर सतबीर यादव, मोहिंदर, सुभाष, ईश्वर, अनूप सिंह, नरेंद्र यादव, शीशराम, बी.एल. यादव, निवास कुमार, बी.आर. बेनीवाल, ए.के. दास, महेंद्र यादव, जयपाल कौशिक, मनीष यादव, सुरेश रेडू, महेश राघव, बिरेन्दर कुमार रॉय, शिव कुमार शर्मा, नरेंद्र कुमार यादव, वी.के. शर्मा, सुरेश गोयल, कैलाश शर्मा, सूरत सिंह यादव, इमान कादयान, बी.एस. जाखड़, नरेंद्र यादव, राममेहर शर्मा, एम.एस. यादव आदि वायुसेना के वरिष्ठ, पूर्व सैनिक, समाजसेवी और युवाओं ने भाग लिया और देश के शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि भारत अपने शहीदों को कभी नहीं भूलता और उनकी वीरता, बलिदान और देशप्रेम नई पीढ़ियों को सदा प्रेरित करता रहेगा।











