Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 28 अगस्त जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
आप अपनी मेहनत की पूंजी को प्लॉट की खरीददारी की उत्सुकता में अवैध कॉलोनाइजर के हाथों न सौंपे, अन्यथा आपको आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। पूरी जांच परख के बाद ही आप जमीन की खरीद फरोख्त करें, ताकि किसी भी प्रलोभन का आप शिकार न हो पाएं। यह अपील डीसी अभिषेक मीणा ने जनहित में की। उन्होंने बताया कि जिला नगर योजनाकार के अधिकारियों को अवैध कॉलोनियों के रजिस्ट्रेशन पर पूर्ण अंकुश लगाते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं, ऐसे में आमजन पूरी जागरूकता का परिचय देते हुए ही कदम उठाएं।
डीसी मीणा लघु सचिवालय सभागार में जिला नगर योजनाकार, खनन व श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक ले रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को अवैध कॉलोनियों में नियमानुसार विभागीय कार्यवाही (तोड़फोड़ की कार्यवाही व एफ.आई.आर. दर्ज करवाने) करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो अवैध कालोनियां नियमितिकरण पॉलिसी के अन्तर्गत नहीं आती हैं उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाए। जहां कहीं भी अवैध निर्माण हो रहा है उसे तुरंत प्रभाव से खंडित किया जाए। डीटीपी मनदीप सिहाग ने विभागीय गतिविधियों से सम्बंधित विस्तार से जानकारी दी और बताया कि सरकार के निर्धारित नियमों की पालना जिला में प्रभावी ढंग से क्रियांवित की जा रही है।
डीसी ने आमजन से अपील की कि नियंत्रण क्षेत्र, शहरी क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण न करें। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लें। अवैध कॉलोनी काटने वाले झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लाट बेच देते हैं, इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब वह उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्रवाई की जाती है। उस समय जिस व्यक्ति द्वारा वह प्लाट खरीदा गया है वह अपने आप को ठगा हुआ महसूस करता है इसलिए नागरिक चिन्हित की गई अवैध कॉलोनियों में खरीद-फरोख्त न करें। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति प्लाट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता बारे जिला नगर योजनाकार रेवाड़ी कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस को छानबीन कर सकता है।
अवैध खनन न हो इसके लिए मॉनिटरिंग जरूरी : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने खनन अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि जिला में किसी भी रूप से अवैध खनन न हो इसके लिए संबंधित विभाग नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि कहीं भी अवैध खनन होता पाया गया तो दोषी व्यक्ति के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कहीं भी अवैध माइनिंग की जा रही है तो खनन विभाग उस मामले में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए माइनिंग को बंद करवाएं। अरावली की पहाडिय़ों पर विशेष निगरानी रखी जाए कि कहीं कोई पत्थर की खुदाई तो नहीं कर रहा है। इसी प्रकार मिट्टी की परमिशन वाली साइटों पर सरकार के नियम अनुसार खुदाई होनी चाहिए। उन्होंने बैठक में सभी संबंधित एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में जांच करने के निर्देश दिए। जिला खनन अधिकारी निरंजन लाल ने बताया कि जिला में अवैध खनन गतिविधियों पर विभाग की पैनी नजर है। दिन रात विभागीय टीम मॉनिटरिंग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ई बिल रवानगी की भी जांच की जाती है।
बाल श्रम के नियमों की पालना न करने पर करें कार्यवाही : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा द्वारा बाल एवं किशोर श्रम प्रतिषेध और विनियम अधिनियम 1986 के अंतर्गत टास्क फोर्स कमेटी की बैठक में श्रम अधिकारियों द्वारा श्रम एक्ट के तहत अब तक की गई कार्यवाही के बारे में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जहां भी बाल श्रम नियमों की अवहेलना हो वहां सहायक श्रम आयुक्त स्वयं मौके पर पहुंचकर बाल श्रमिकों को मुक्त करवाने का कार्य करें साथ ही श्रम एक्ट के तहत श्रम नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करें।











