November 2, 2026 8:00 pm

राव इंद्रजीत सिंह ने खेड़की दौला टोल शिफ्ट करने की कार्य प्रगति की समीक्षा की

-ग्रामीणों के सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए टोल हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

गुरुग्राम, 24 जनवरी चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी

 

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने खेड़की दौला टोल प्लाजा को शिफ्ट करने से संबंधित कार्यों की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में विस्तृत चर्चा की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि टोल प्लाजा हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा पचगांव चौक पर प्रस्तावित नए टोल प्लाजा के निर्माण के दौरान ग्रामीणों एवं आम नागरिकों के सुगम, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन को हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सोहना विधायक तेजपाल तंवर, शहरी विकास सलाहकार डी.एस. ढेसी, डीसी अजय कुमार, एसडीएम दर्शन सिंह भी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पचगांव चौक क्षेत्र भविष्य में विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होने जा रहा है। यहां एचएसआईआईडीसी द्वारा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाना प्रस्तावित है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके अतिरिक्त आरआरटीएस परियोजना के तहत ‘नमो भारत’ ट्रेन का स्टेशन भी इसी क्षेत्र में प्रस्तावित है। ऐसे में पचगांव टोल प्लाजा को शिफ्ट करना और स्थानीय निवासियों, किसानों एवं राहगीरों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आने देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से एक सप्ताह के भीतर ठोस और व्यवहारिक प्रस्ताव तैयार कर पुलिस अधिकारियों को प्रस्तुत करेंगे, जिसके पश्चात यातायात व्यवस्था को लेकर एक समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने बैठक में गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 352-डब्ल्यू के निर्माण कार्य की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने अवगत कराया कि 15 फरवरी तक केएमपी एक्सप्रेसवे तक का मार्ग पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं सड़क के उत्तरी हिस्से को मार्च के प्रथम सप्ताह तक खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि पहाड़ी गांव के समीप रेलवे फ्लाईओवरों का निर्माण कार्य अभी प्रगति पर है, जिसे तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए और कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।राव इंद्रजीत सिंह ने बिलासपुर चौक पर फ्लाईओवर निर्माण के कारण उत्पन्न हो रहे यातायात जाम पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्होंने राठीवास बस स्टॉप पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कार्य की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द जाम की समस्या से राहत मिल सके।इस अवसर पर एनएचएआई अधिकारी सफी मोहम्मद, प्रोजेक्ट डायरेक्टर रेवाड़ी योगेश तिलक, प्रोजेक्ट डायरेक्टर सोहना पी.डी. कौशिक, डीआरओ विजय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें