November 2, 2026 8:01 pm

रायबरेली: ओवरटेक के चक्कर में पलटा ई-रिक्शा, मासूम की मौत, मां-बहन समेत 8 घायल

लालगंज (रायबरेली): उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। लालगंज-बछरावां मार्ग पर बनामऊ गांव के पास एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में ई-रिक्शा में सवार 8 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां, दो बहनें और चालक समेत आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मेला देखने जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के शहरौली (पूरे दुबेन) की रहने वाली पूजा शुक्ला अपने बेटे विहान (8 वर्ष) और दो बेटियों (अंशिका व पीहू) के साथ लालगंज का मेला देखने जा रही थीं। ई-रिक्शा पूरे भैरी निवासी अनुराग पाल चला रहे थे, जिसमें कुछ अन्य यात्री भी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बनामऊ गांव के समीप जब ई-रिक्शा चालक ने आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
चालक वाहन समेत फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद आरोपी चालक अपने वाहन के साथ मौके से भाग निकला। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 8 वर्षीय विहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक अनुराग और अन्य पीड़ितों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज के क्षेत्राधिकारी (CO) सुजीत राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन के अनुसार, मृतक बच्चे के दादा प्रवेश शंकर शुक्ल के लिखित अनुरोध पर और परिजनों की इच्छा का सम्मान करते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए शव उन्हें सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मेले में झूला झूलने की जिद करने वाले इकलौते बेटे की मौत से मां पूजा शुक्ला और पिता राहुल का रो-रोकर बुरा हाल है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें