रिपोर्टर: योगेश यादव | पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दक्षिण मुंबई के मुंबई सेंट्रल इलाके में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सिटी सेंटर मॉल के सामने स्थित सात मंजिला रिहायशी इमारत ‘कैलाश अपार्टमेंट’ की दूसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, मुंबई फायर ब्रिगेड के कंट्रोल रूम को शाम करीब 5:40 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की कोई खबर नहीं है।
दमकल विभाग की सतर्कता से आग को ऊपरी मंजिलों तक फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया। एहतियातन इमारत की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और अंदर फंसे निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। धुएं को बाहर निकालने के लिए वेंटिलेशन की व्यवस्था भी की गई।
इस राहत एवं बचाव कार्य में दमकल विभाग के साथ-साथ मुंबई पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा, बेस्ट के बिजली विभाग और स्थानीय वार्ड स्टाफ को भी तैनात किया गया था। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आग केवल दूसरी मंजिल तक ही सीमित रही और फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है।
आग लगने के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच और पंचनामा के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
रिपोर्टर: योगेश यादव | पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र











