रिपोर्टर योगेश यादव पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुंबई, 23 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में वातानुकूलित लोकल ट्रेन की छत पर यात्रा करते समय मंगलवार को ‘ओवरहेड इक्विपमेंट’ (ओएचई) के संपर्क में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह 10 बजकर 12 मिनट पर ट्रेन जब दिवा रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो यह हादसा हुआ। ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जा रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, उस व्यक्ति को दिवा और कोपर रेलवे स्टेशन के बीच एक डिब्बे की छत पर देखा गया
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन के दिवा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकते समय व्यक्ति ने उतरने का प्रयास किया लेकिन ओएचई (पटरियों के ऊपर ऊंचाई पर लगे बिजली उपकरण) के संपर्क में आ जाने से उसे करंट लग गया और आग लग गई।
उन्होंने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने ड्यूटी पर मौजूद अन्य रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। जीआरपी कर्मियों ने अन्य लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को नीचे उतारा।
अधिकारी ने बताया कि उसे कलवा के नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
इस घटना के बाद ट्रेन 26 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही और सेवाएं प्रभावित हुईं।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को छत पर यात्रा नहीं करने की सख्त हिदायत दी और चेतावनी देते हुए बताया कि ओएचई में 25 केवी का उच्च वोल्टेज करंट प्रवाहित होता है जो घातक है।











