रिपोर्टर: योगेश यादव | पीएनपी न्यूज़ महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बदलापुर के जुवेली गांव क्षेत्र में एक महिला और एक ओला चालक के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को दोहरे हत्याकांड के तौर पर देख रही है। मृतकों की पहचान मनीषा भोसले और ज्योतिबा शिंदे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय मनीषा भोसले का तीन साल का बेटा भी कार के अंदर मौजूद था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बदलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मनीषा भोसले जुवेली गांव की निवासी थीं, जबकि ओला चालक ज्योतिबा शिंदे घाटकोपर के रहने वाले थे। मनीषा के पति घाटकोपर में चाय का व्यवसाय करते हैं।
जांच के दौरान सामने आई जानकारी के मुताबिक, तीन साल के बच्चे ने पुलिस को बताया कि “मां के साथ ड्राइवर अंकल थे।” हालांकि बच्चे के बयान और अन्य तथ्यों की पुलिस द्वारा पुष्टि की जा रही है। वहीं, चालक ज्योतिबा शिंदे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मामला दोहरे हत्याकांड का है या किसी अन्य परिस्थिति में दोनों की मौत हुई। दोनों के बीच किसी विवाद या अन्य कारण की भी जांच की जा रही है।
फॉरेंसिक जांच, घटनास्थल से जुटाए गए सबूत और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। उल्हासनगर ज़ोन 4 के डीसीपी सचिन गोरे ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है।











