Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 16 अगस्त जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी, महेश कुमार
धारूहेड़ा सीआईए टीम ने मनोज हत्याकांड में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जिला गुरुग्राम के गांव तेलपुरी निवासी हेमेंद्र उर्फ हेमु व गांव जौनियावास निवासी दीपक के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जांचकर्ता के मुताबिक गत 29 जुलाई को पुलिस को गांव मालपुरा से मऊ रोड पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मौके पर सीन ऑफ़ क्राइम टीम को बुलाया गया था। शव की शिनाख्त उसके परिजनों द्वारा करवाई गई तो युवक की पहचान दिल्ली के मोहन गार्डन, उत्तम नगर निवासी 33 वर्षीय मनोज पुत्र श्याम सुंदर के रूप में हुई थी।
दिल्ली के मोहन गार्डन, उत्तम नगर निवासी निवासी भरत ने बताया था कि 27 जुलाई को उसका बडा भाई मनोज अपने दोस्त साहुन खान के साथ अपने ननीहाल गांव पाटखोरी से अपने कुछ परिचितों से मिलने की बात कहकर घर से गया था। इस दौरान उसे सूचना मिली कि मनोज की लाश गांव मालपुरा से मऊ रोड पर मिली है। मृतक के भाई ने कुछ लोगो पर मनोज की हत्या का संदेह जाहिर किया था।
पुलिस ने मृतक के भाई भरत के बयान पर थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा में हत्या का केस दर्ज कर मामले में संलिप्त एक आरोपी गांव जौनियावास निवासी विवेक उर्फ विक्की को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस पूछताछ आरोपी विवेक उर्फ विक्की ने बताया था कि घटना के दिन शराब के नशे में उसके साथी दीपक व मृतक मनोज की किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई थी। उसके साथी दीपक ने उसे फोन करके मौके पर बुलाया था। जब वह मौके पर पहुंचा तो दीपक व उनके 4/5 अन्य साथी मौके पर पहले से मौजूद थे। इसके बाद सभी ने मिलकर शराब के नशे में मनोज की तलाश कर उसके साथ मारपीट की थी। मारपीट के दौरान मनोज गम्भीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह सभी मौके से फरार हो गए थे।
सीआईए धारूहेड़ा पुलिस ने मामले में संलिप्त दो और आरोपी जिला गुरुग्राम के गांव तेलपुरी निवासी हेमेंद्र उर्फ हेमु व गांव जौनियावास निवासी दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पेश अदालत करके पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।











