Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 10 सितम्बर जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
सेवा पखवाड़ा के निमित कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज बीजेपी की महत्वपूर्ण बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली एवं जिला संयोजक सेवा पखवाड़ा सिंहराम महलावत ने की।
बैठक में विशेष रूप से मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता डांगी, प्रदेश सचिव एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल तथा प्रदेश उपाध्यक्ष रेणु डाबला उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति से बैठक का महत्व और अधिक बढ़ गया तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
सुनीता डांगी ने संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी और विशेष रूप से संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है और सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन तक पहुँच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा की भावना को पहुँचाना है।
रेणु डाबला ने प्रदेश स्तर पर दिए गए कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा जो भी कार्य योजनाएँ बनाई गई हैं, वे न केवल कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए हैं, बल्कि आम जनता के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी हैं।
वहीं अजय बंसल ने प्रदेश द्वारा संचालित पंच परिवर्तन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी समाज के हर वर्ग तक पहुँच विकास की धारा को मजबूत बनाना चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जन-जन तक जाकर इन कार्यक्रमों की जानकारी दें और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें।
बैठक में सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिदिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मंडल चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में सेवा पखवाड़ा के दौरान किए जाने वाले आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा कार्यकर्ताओं को यह संकल्प दिलाया गया कि वे सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँगे।
इस बैठक ने न केवल संगठनात्मक मजबूती को रेखांकित किया, बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि बीजेपी समाज की सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ सतत आगे बढ़ रही है।











