रिपोर्टर योगेश यादव, PNP न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
विरार में पार्किंग विवाद बना खूनी संघर्ष, 15 वर्षीय नाबालिग पर चाकू से हमला; इलाके में दहशत
मुंबई के विरार इलाके में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़के पर कथित तौर पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस वारदात के बाद इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना विरार पूर्व के कारगिल नगर इलाके में गणेश चौक के पास स्थित महाकाली अपार्टमेंट में हुई। बताया जा रहा है कि वाहन पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कथित रूप से 15 वर्षीय शहीद शाह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में शहीद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे विरार पूर्व स्थित रेडिएंट हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में विरार पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पार्किंग जैसे छोटे विवादों में बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों ने चिंता जताई है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।











