रिपोर्टर योगेश यादव पीएनपी न्यूज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पहलगाम में आतंकी हमले के बीच प्रधानमंत्री मोदी का 24 अप्रैल को कानपुर का निर्धारित दौरा रद्द हो गया है. प्रधानमंत्री मोदी को यहां मेट्रो के दूसरे चरण का उद्घाटन करना था और फिर एक जनसभा को संबोधित करना था. इस बात की जानकारी पीएम कार्यालय की तरफ से दी गई है. अब दौरे को लेकर जानकारी बाद में साझा की जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को कानपुर में 20000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने वाले थे. लेकिन आतंकी हमले में कानपुर के साहसी युवा बेटे शुभम की भी जान चली गई. ऐसे में लोगों की गमगीन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है.
इस दुख की घड़ी में सम्मान के तौर पर कानपुर में किसी भी तरह के जश्न या औपचारिक सार्वजनिक कार्यक्रम को टालना उचित समझा गया. इसी दिन प्रधानमंत्री बिहार के मधुबनी में पंचायती राज दिवस के अवसर पर एक पूर्व-निर्धारित आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश भर के लोग भी शामिल होंगे.
आतंकियों का जारी हुआ स्केच
मंगलवार को आतंकियों ने पहलगाम में हमला कर दिया था. जिससे 28 लोगों की मौत हो गई थी. आतंकियों ने जिस वक्त हमले को अंजाम दिया, उस वक्त टूरिस्ट मौज मस्ती कर रहे थे. इस घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश है.
इसी बीच सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को आतंकी हमले में शामिल होने के संदेह में तीन लोगों के स्केच जारी किए हैं. अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों के नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबू तल्हा हैं. तीनों आतंकवादियों के कोड नाम मूसा, यूनुस और आसिफ थे. ये पुंछ में आतंकी घटनाओं में शामिल थे.
अधिकारियों ने बताया कि स्केच आतंकी हमले में जीवित बचे लोगों की मदद से तैयार किए गए हैं. प्रतिबंधित पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा आतंकी समूह के एक छाया संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने मंगलवार दोपहर को हमले की जिम्मेदारी ली.











