Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धारूहेड़ा, 07 मई रिपोर्टर दीपक तिवारी
हरियाणा के वरिष्ठ भाजपा नेता वीर कुमार यादव ने धारूहेड़ा स्थित नंदू एनिमल वेलफेयर सोसाइटी में सामने आए कथित गौ-आपूर्ति घोटाले पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इस पूरे मामले को न केवल गौ-सेवा की भावना के साथ विश्वासघात बताया है, बल्कि इसे करोड़ों भारतीयों की आस्था के साथ खिलवाड़ के रूप में भी देखा है।
हरियाणा गौ-सेवा आयोग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, उक्त गौशाला द्वारा दस्तावेजों में योगेश की 2 गायों की आपूर्ति दर्शाई गई है, किंतु वास्तविकता में वहां कोई गाय मौजूद नहीं पाई गई। यह गंभीर अनियमितता केवल वित्तीय हेराफेरी नहीं, बल्कि निर्दोष पशुओं के साथ बर्बरता का प्रतीक भी है। इस विषय में वीर कुमार यादव ने गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग को एक लिखित शिकायत सौंपी थी, जिसमें उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा गौ सेवा आयोग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन सदस्यों की एक विशेष जांच कमेटी गठित कर दी है। यह कमेटी 10 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट आयोग को सौंपेगी। जांच दल में रेवाड़ी पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग के उपनिदेशक, पंचकूला के पशुपालन विभाग के उपनिदेशक और स्वयं हरियाणा गौ सेवा आयोग के सदस्य शामिल किए गए हैं।
वीर कुमार यादव ने कहा कि “गौ-सेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है। गाय को हम ‘गौ माता’ का दर्जा देते हैं। इसके साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी न केवल धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाती है, बल्कि शासन व्यवस्था और जन विश्वास पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी संस्था या व्यक्ति गौ-सेवा के नाम पर जनता की भावनाओं और सरकारी सहायता का दुरुपयोग न कर सके।उन्होंने यह भी कहा कि केवल वित्तीय लाभ के लिए किए गए ऐसे कृत्य वास्तव में पाप के समान हैं, और शासन को चाहिए कि ऐसी संस्थाओं की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखी जाए। पशुओं के नाम पर चंदा इकट्ठा करना और फिर उन पशुओं की उचित देखभाल तक न करना एक अमानवीय कार्य है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। वरिष्ठ भाजपा नेता वीर कुमार यादव ने आशा जताई कि हरियाणा गौ सेवा आयोग इस पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच करेगा और दोषियों को कानून के तहत कठोर सजा दिलाएगा। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि राज्य सरकार इस मामले में सतर्कता बरते और सभी गौशालाओं व पशु कल्याण संस्थाओं का ऑडिट कराए।
उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की अनियमितताओं को समय रहते नहीं रोका गया, तो यह ना केवल सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाएगा, बल्कि गौ-सेवा के प्रति जनता का विश्वास भी डगमगाएगा।
अंततःवीर कुमार यादव ने जनता से भी अपील की कि वे भी ऐसी संस्थाओं की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखें और कहीं भी अनियमितता पाए जाने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सत्य की जीत अवश्य होगी और गौ सेवा के नाम पर हो रहे इस पाखंड को बेनकाब कर सख्त दंड सुनिश्चित किया जाएगा।











