रेवाड़ी, 26 सितंबर ब्यूरो चीफ दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव व कांग्रेस पार्टी के शहरी अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने आज रेवाड़ी में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान के तहत आयोजित किया गया। सभी कार्यकर्ता पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एकत्रित हुए और जोरदार प्रदर्शन करते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे।
इस मौके पर चिरंजीव राव ने कहा कि लोकसभा और हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के इतिहास की सबसे बड़ी लूट और वोट चोरी का प्रतीक रहे हैं। भाजपा ने सत्ता पाने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को तार-तार किया और जनमत का अपमान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल ने प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर मतपेटियों से जनता के वोटों की चोरी की और इस तरह लोकतंत्र का गला घोंटा गया। उन्होंने कहा रेवाड़ी में भी वोटिंग के समय 5:00 बजे तक वोटिंग प्रतिशत कुछ था और फिर 7:00 बजे एकदम से बढ़ा दिया गया और रात 11:00 तक भी वोट प्रतिशत बढ़ाते रहे। इसी तरह मतगणना के एक दिन पहले स्ट्रांग रूम की लाइट और सीसीटीवी बंद कर दिए जाते हैं और ईवीएम की बैटरी 99% तक चार्ज थी।
चिरंजीव राव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हक की लड़ाई लड़ रही है और राहुल गांधी के नेतृत्व में “वोट चोर, गद्दी छोड़” आंदोलन पूरे देश में जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। राहुल जी ने हमेशा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाया है। चाहे “भारत जोड़ो यात्रा” हो या संसद के अंदर उनकी मुखर आवाज़, राहुल गांधी लगातार जनता के हक, उनके वोट और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत हैं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन भाजपा की जनविरोधी और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ है और कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के आह्वान पर सड़कों पर उतरकर यह संदेश दे रहे हैं कि “जनता का वोट जनता की ताकत है, और कोई भी सत्ता इसे छीन नहीं सकती।कांग्रेस शहरी अध्यक्ष प्रवीण चौधरी व प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और मतों की चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रवीण चौधरी ने कहा कि जब तक भाजपा लोकतंत्र के मूल्यों को कुचलने का प्रयास करती रहेगी, कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन के जरिए जनता की आवाज़ बनकर खड़ी रहेगी। उन्होंने बताया कि यह आंदोलन आगामी 15 अक्टूबर तक चलेगा और पूरे शहर में हर वार्ड में किया जाएगा और जनता को वोट चोरी से अवगत कराया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व चेयरपर्सन सुचित्रा चांदना, पूर्व चेयरपर्सन शकुंतला भांडोरिया, पार्षद रंजना भारद्वाज, लोकेश पार्षद, मोनू राव पार्षद प्रतिनिधि, पार्षद चंदन, 360 के प्रधान हंसराज चौधरी, पूर्व पार्षद धनीराम, ओमप्रकाश थानेदार पूर्व पार्षद, महिला जिला अध्यक्ष सीमा धमीजा, सरोज भारद्वाज, मोनिका मेहरा, कोली समाज के प्रधान डालचंद, मुकेश ठाकुर, डॉ रामपाल, हरीश कोहली, आरडी शर्मा, हीरालाल प्रजापत, राम सिंह छा बड़ी, डॉ विपिन शर्मा, प्रकाश रावत इत्यादि के अलावा सैकड़ो की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।











