November 2, 2026 8:07 pm

डीएमएफ बैठक में विकास कार्यों को मंजूरी, सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

सोनभद्र /पत्रकार विजेंद्र कुमार मौर्य

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत संचालित जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण कार्ययोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए नई सड़कों के निर्माण, जल संरक्षण, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांग एवं बुजुर्गों के लिए सुविधाओं के विकास, चेकडैम निर्माण, माइनिंग भवन तथा इंजीनियरिंग कॉलेज में कक्ष निर्माण सहित कई प्रस्ताव रखे गए। इन सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह ने डीएमएफ फंड से पिछले वित्तीय वर्ष में कराए गए विकास कार्यों की बिंदुवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में संपर्क मार्गों के निर्माण व अनुरक्षण, स्वच्छता व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि डीएमएफ के अंतर्गत प्रस्तावित निर्माण कार्यों के लिए संबंधित विभाग जल्द से जल्द अनुमान तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करें, ताकि टेंडर सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कराई जा सकें। साथ ही डीएमएफ से कराए जा रहे कार्यों की जानकारी के लिए प्रदर्शन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़, सांसद छोटेलाल खरवार, विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा, एमएलसी प्रतिनिधि ओम प्रकाश यादव, विधायक घोरावल के प्रतिनिधि सुरेन्द्र मौर्या, विधायक सदर के प्रतिनिधि विकास मिश्रा, एडीएम वागीश कुमार शुक्ला तथा ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें