जहानाबाद | रिपोर्ट: मनोज कुमार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!खेल अकादमी परिसर कासियावा, जहानाबाद में आयोजित पांच दिवसीय डॉ. चंद्रिका बाबू स्मृति खेल महोत्सव का समापन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में घोसी विधायक ऋतुराज कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया और डॉ. चंद्रिका बाबू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। विधायक ने जिले के सीमावर्ती और रिमोट क्षेत्र में इस तरह के उच्च स्तरीय खेल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए आयोजकों द्वारा की गई व्यवस्थाएं काबिले-तारीफ हैं।
गौरतलब है कि पांच दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में 10 विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 1000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। बाहर से आए खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और अन्य सुविधाओं की उत्तम व्यवस्था की गई, जो अपने आप में एक मिसाल रही।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक ऋतुराज कुमार ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं, लेकिन भौतिकवादी दौर में इसके महत्व को नजरअंदाज किया जा रहा है। ऐसे आयोजन कुंठित और वंचित प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि इस खेल महोत्सव का आयोजन हर वर्ष किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जहानाबाद जिले के विभिन्न खेल मैदानों में भी इस तरह के आयोजनों की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने खेलो, खाओ, पढ़ो और रोजगार पाओ* को एक मिशन के रूप में शुरू करने की बात कही, जिसके तहत खेलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
समापन समारोह के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने विभिन्न मुकाबलों का आनंद लिया।











