रेवाड़ी, 21 जून रिपोर्टर दीपक तिवारी
किशनलाल पब्लिक कॉलेज के योग क्लब के तत्त्वावधान में महाविद्यालय के खेल-मैदान में 11वाँ अंतरराष्ट्रीय योग-दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” रही, जिसे आत्मसात करते हुए सभी प्रतिभागियों ने योग के महत्व को समझा और अभ्यास किया।कार्यक्रम संयोजक डॉ. रामवीर जाखड़ ने बताया कि मुख्य योगसत्र का संचालन एन.आई.एस. योगा कोच निक्की सैनी तथा पतंजलि योग समिति से प्रशिक्षिका जागृति देवी और शंभूदयाल ने किया।
कॉलेज प्रबंधकारिणी की कोषाध्यक्ष उषा रस्तोगी तथा प्राचार्य डॉ. कविता गुप्ता ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक बल बढ़ाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शुद्धि का भी माध्यम है। उन्होंने योग को आधुनिक जीवन की चुनौतियों से निपटने का एक प्रभावी समाधान बताया।
कार्यक्रम में 8 हरियाणा बटालियन एनसीसी के सूबेदार मेजर सुरजीत सिंह के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन व्यवस्था को संभाला। एन.एस.एस. की तीनों इकाइयों के स्वयंसेवकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कॉलेज प्रबंधकारिणी के अध्यक्ष रिपुदमन गुप्ता, उपाध्यक्ष संदीप खंडेलवाल तथा महासचिव अरविंद गुप्ता ने भी आयोजन की सराहना की और विद्यार्थियों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, अनुशासन और जागरूकता की भावना को बढ़ाया। अंत में सभी ने प्रतिदिन योग करने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
संयोजक डॉ. रामबीर सिंह, प्रदीप अहलावत, डाॅ. दिनेश शर्मा, महेन्द्र सांभरिया तथा डॉ. रेखा शर्मा सहित नॉन टीचिंग स्टाफ के सभी सदस्यों ने कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से कराया।











