Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कोटेदारों पर कम राशन देने का आरोप, ग्रामीण बोले – “500 ग्राम से 1 किलो तक घटा दिया जाता है।
तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बैरिया बलिया। एक ओर बैरिया तहसील क्षेत्र के सुरेमनपुर उत्तरी दियारा स्थित गोपालनगर के ग्रामीण बाढ़ और गंगा कटान से त्रस्त हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी राशन वितरण में गड़बड़ी ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। गांव के ग्रामीणों ने कोटेदारों पर प्रति यूनिट 500 ग्राम से 1 किलो तक कम राशन देने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कार्यरत चारों कोटेदार लंबे समय से राशन में हेराफेरी कर रहे हैं। नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर एक ग्रामीण ने बताया, “कोटेदार दबंग प्रवृत्ति के हैं। कोई खुलकर शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। पहले अंगूठा लगवाते हैं, लेकिन राशन तीन दिन से लेकर एक सप्ताह बाद दिया जाता है। हम मजदूरी करने वाले लोग हैं, उसी दिन राशन मिल जाए तो रोजी-रोटी और खेती का नुकसान न हो।” ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि ई-पॉस मशीन की जगह दूसरी मशीनों से राशन वितरण किया जा रहा है। साथ ही, अंगूठा लगवाते समय तराजू पर ईंट, पत्थर या अनाज रखकर वजन दिखाया जाता है, जबकि बाद में दूसरी तराजू से कम राशन दिया जाता है।
वहीं, कोटेदारों ने अपनी सफाई में कहा कि उन्हें भी पूरा राशन नहीं मिल रहा है।
“हमारे पास भी वजन में कमी के साथ राशन आता है, हम क्या करें? ऊपर से पांच महीने से कमीशन नहीं मिला है, जिससे दिक्कतें और बढ़ गई हैं,” — एक कोटेदार ने कहा।
गांव में कुल चार कोटेदार कार्यरत हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर, रेवती से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।











