रोल कॉल में पुलिसकर्मियों को दिए सतर्कता और अनुशासन के निर्देश, अपराध नियंत्रण एवं जनशिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
देवेन्द्र मेवाड़ा सेहत सार दैनिक समाचार
आगर मालवा, 27 अक्टूबर 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लेने के उद्देश्य से प्रभारी पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने मंगलवार को थाना कोतवाली आगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को ड्यूटी के प्रति सजग रहने, अनुशासन बनाए रखने और आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी नागेश यादव सहित थाने के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रोल कॉल लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
प्रभारी पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने रोल कॉल के दौरान पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी का विशेष ध्यान रखा जाए। कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
थाना परिसर एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस कार्यों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने, आवश्यक अभिलेखों का उचित संधारण करने तथा विभागीय व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि पुलिस कार्यों में तत्परता और व्यवस्था के साथ-साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।
अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता
प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को क्षेत्र में प्रभावी निगरानी रखने, अपराधों की रोकथाम करने और अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए तथा उनके निराकरण के लिए समयबद्ध और प्रभावी कदम उठाए जाएं। पुलिसकर्मी जनता के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
पुलिसकर्मियों की फिटनेस पर भी दिया विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान प्रभारी पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य एवं शारीरिक फिटनेस का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नियमित व्यायाम, योग और प्राणायाम को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने के लिए शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और एकाग्रता आवश्यक है। संतुलित दिनचर्या, पर्याप्त विश्राम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता से पुलिसकर्मी अपनी कार्यक्षमता को बेहतर बना सकते हैं।
निरीक्षण के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी करने और आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।











