Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
*बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय*
लखीमपुर खीरी, 07 जून। जिले में संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूर्व तैयारी की दिशा में प्रशासन तेजी से कदम उठा रहा है। इसी क्रम मे अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नरेंद्र बहादुर सिंह ने शनिवार को एसडीएम निघासन राजीव कुमार निगम के साथ तहसील निघासन क्षेत्र के रानीगंज गांव का निरीक्षण किया। रानीगंज इलाके को हर वर्ष बाढ़ से होने वाली समस्याओं को देखते हुए यह दौरा बाढ़ पूर्व तैयारी का अहम हिस्सा रहा निरीक्षण के दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने गांव के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और अनुभव सीधे सुने। एडीएम ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है और समय रहते सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि आपदा की स्थिति में उन्हें किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित दौरा कर संभावित खतरे वाले स्थलों की पहचान करें और उसकी रिपोर्ट तत्काल तहसील व जिला स्तर पर उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान बाढ़ चौकी, शरण स्थल, ऊंचाई वाले स्थानों की स्थिति, नाव की उपलब्धता जैसे विषयों पर भी गहन समीक्षा की।
*संवाददाता अनिल कुमार निघासन लखीमपुर खीरी*











