93.42% शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण, जिले को लगातार ‘A’ ग्रेड
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पीएनपी न्यूज़
रिपोर्ट अब्दुल शफीक खान
आगर मालवा /पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन एवं सतत पर्यवेक्षण में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (CM Helpline) के माध्यम से प्राप्त जन-शिकायतों के त्वरित, प्रभावी एवं संतुष्टि पूर्वक निराकरण में आगर-मालवा पुलिस ने वर्ष 2025 में उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। जिले में कुल 3195 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2985 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। इस प्रकार जिले ने 93.42% संतुष्टि प्रतिशत के साथ प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया है।_
वर्ष जनवरी 2025 से नवंबर 2025 तक की मासिक ग्रेडिंग रिपोर्ट के अनुसार आगर-मालवा जिले ने पूरे वर्ष निरंतर ‘A’ ग्रेड बनाए रखी। इस अवधि में जिला विभिन्न महीनों में प्रदेश स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहा, जबकि अप्रैल एवं सितंबर 2025 में जिले ने प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त कर प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया। यह उपलब्धि आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने की मजबूत कार्यसंस्कृति को दर्शाती है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में वर्ष 2025 के दौरान कुल 8 बार सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए गए, जिनका आयोजन जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं थाना स्तर पर किया गया। इन शिविरों के माध्यम से लंबित एवं जटिल शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान की गई।
आगर-मालवा पुलिस द्वारा किया गया यह उत्कृष्ट कार्य जन-सेवा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है तथा आमजन में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करता है।











