पटियाला/राजपुरा: निलेश वर्मा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पंजाब के पटियाला-राजपुरा क्षेत्र में एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी की ओर जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12508) के चार डिब्बों में अचानक भीषण आग लग गई। यह दुर्घटना राजपुरा के नजदीक सराय बंजारा रेलवे स्टेशन (बसंतपुरा गांव के पास) पर हुई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
अचानक फैला धुआं, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब ट्रेन सराय बंजारा स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक इंजन से पांचवें डिब्बे से तेज धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने आसपास के कुल चार कोचों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेन में आग लगते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ट्रेन के रुकते ही मुस्तैदी दिखाते हुए सभी यात्री समय रहते सुरक्षित नीचे उतर गए, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से रुक गया।
राहत कार्य और आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। प्रभावित डिब्बों को ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग कर दिया गया ताकि आग आगे न फैले।










